खेत में रोपा लगाने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, परिवार में पसरा मातम

जियाउल खान , लखनपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जजगा में मंगलवार दोपहर खेत में रोपा लगाने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा निवासी कमला भगत (37 वर्ष), पति आनंद भगत, मंगलवार 4 अगस्त की दोपहर लगभग 3:30 बजे ग्राम जजगा स्थित अपने खेत में धान की रोपाई का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। इसके बाद खाट के माध्यम से मुख्य मार्ग तक लाया गया, जहां से एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन एवं परिजनों द्वारा लखनपुर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

महिला की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Hot Topics

Related Articles