सावन के दूसरे सोमवार निकलेगी ऐतिहासिक एवं भव्य कांवड़ यात्रा, जोंकेश्वर नदी सांकरा से रणेश्वर बाबा मंदिर गढ़फुलझर तक उमड़ेगा आस्था का सैलाब : मोक्ष कुमार प्रधान

राजकुमार अग्रवाल ,महासमुंद / बसना। सावन माह के दूसरे सोमवार 10 अगस्त 2026 को बसना विधानसभा क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जोंकेश्वर महादेव, जोंक नदी सांकरा से श्री रणेश्वर बाबा महादेव मंदिर, गढ़फुलझर तक निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा में बसना, पिथौरा, सांकरा सहित आसपास के गांवों से हजारों शिवभक्त “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ शामिल होंगे।

बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि इस वर्ष पहली बार समाज द्वारा काँवड यात्रा आयोजन किया जा रहा है इसलिए बहुत ही अधिक भव्य, विशाल एवं श्रद्धामय होगी। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जोंक नदी से पवित्र जल भरकर भगवान रणेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। पूरा मार्ग शिवमय वातावरण, भजन-कीर्तन, डमरू की गूंज और “बोल बम” के जयघोष से गुंजायमान रहेगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा सांकरा, भगतदेवरी, सलडीह, बरेली होते हुए गढ़फुलझर पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर चाय, नाश्ता, शीतल पेयजल, भोजन, प्राथमिक उपचार तथा विश्राम की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी कांवड़ यात्री को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम समय माना जाता है। कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे, सेवा और सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। इस यात्रा में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सभी उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज में धार्मिक चेतना और एकता का संदेश देंगे।

उन्होंने बाबा विशासनाथ कुल कोलता समाज आंचलिक सभा पिथौरा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज द्वारा इस भव्य एवं भक्तिमय आयोजन की उत्कृष्ट तैयारी की गई है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। आयोजन समिति का यह प्रयास वास्तव में सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।

जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इस पावन कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।

उन्होंने अंत में कहा कि “भोलेनाथ की कृपा से यह कांवड़ यात्रा पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का संदेश लेकर आएगी। आइए, हम सभी मिलकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ इस पवित्र यात्रा के सहभागी बनें।”

हर-हर महादेव!

बोल बम!

ॐ नमः शिवाय!

Hot Topics

Related Articles