बलौदा बाजार भाटापारा (खम्हरिया)भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में अवैध शराब बिक्री का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में 4 से अधिक स्थानों से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। आरोप है कि लंबे समय से यह कारोबार जारी रहने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से शराब कोचियों के हौसले बुलंद हैं और वे पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए बेखौफ तरीके से शराब बेच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बढ़ती अवैध शराब बिक्री से तनाव का माहौल बन गया है। शराब के सेवन से आए दिन विवाद, गाली-गलौज और मारपीट जैसी
घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक चिंता इस बात की है कि इस माहौल का प्रतिकूल प्रभाव बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि गांव के कुछ शासकीय स्थलों पर भी शराबियों का जमावड़ा लगने लगा है। शाम होते ही इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों की भीड़ लग जाती है, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गांव की इस गंभीर समस्या को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।






