जियाउल खान,लखनपुर / सरगुजा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लखनपुर, गूमगराकला सहित आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में आदिवासी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी एकजुटता, संस्कृति और सामाजिक शक्ति का प्रदर्शन किया।

मौसम को देखते हुए लखनपुर साक्षरता मिनी स्टेडियम के स्थान पर इस वर्ष कार्यक्रम सामुदायिक भवन प्रांगण में सरपंच संघ लखनपुर के तत्वावधान में आयोजित किया गया। सुबह से ही महिला, पुरुष और युवाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
इस दौरान सामुदायिक भवन से अंबेडकर चौक तक भव्य रैली निकाली गई। अंबेडकर चौक पहुंचकर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई गई।
रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए और डीजे की धुन पर उत्साह के साथ झूमते नजर आए। इसके बाद रैली वापस सामुदायिक भवन पहुंची, जहां कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की रक्षा और संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, संस्कृति तथा जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में सरपंच संघ जिला अध्यक्ष जय सिंह कुरूम, सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी आर्मो, शैलेंद्र सिंह, सूरज सिंह, नवल साय, प्रयाग सिंह, विनोद सिंह, बालम साय सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।






