अंबिकापुर में कथित बाबा के खिलाफ उमड़ा लोगों का गुस्सा, संतान और पारिवारिक समस्याएं दूर करने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

जियाउल खान।छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आस्था और विश्वास से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। अपनी निजी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को समाधान दिलाने का भरोसा देकर कथित तौर पर उनसे मोटी रकम वसूलने का आरोप एक व्यक्ति पर लगा है। मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, पूरा मामला अंबिकापुर के रसूलपुर इलाके का बताया जा रहा है, जहां नौशाद नाम का व्यक्ति कथित तौर पर ‘बाबे शिफा’ के नाम से अपना ठिकाना संचालित कर रहा था। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वह जिन्न, रूहानी ताकत और तंत्र विद्या के जरिए लोगों की समस्याएं खत्म करने का दावा करता था।

आरोप है कि खासतौर पर संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले दंपतियों और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को अपने झांसे में लिया जाता था। लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया जाता और इसके बदले अलग-अलग कामों के नाम पर बड़ी रकम की मांग की जाती थी।

धीरे-धीरे इस मामले की शिकायत करने वालों की संख्या बढ़ती गई। बताया जा रहा है कि कई लोग अपनी शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया। कुछ शिकायतकर्ताओं ने यह भी आशंका जताई है कि इस मामले के तार अंबिकापुर से बाहर दूसरे इलाकों तक जुड़े हो सकते हैं।

वहीं शिकायतकर्ताओं ने उस व्यक्ति की भूमिका की जांच करने की भी मांग की है, जिसने कथित तौर पर आरोपी को इलाके में लाकर ठहराया था।

फिलहाल कोतवाली पुलिस ने आरोपी नौशाद को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कितने लोग इस कथित ठगी के शिकार हुए हैं और उनसे कुल कितनी रकम वसूली गई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लोगों की आस्था और उनकी निजी परेशानियों का फायदा उठाकर कथित तौर पर इतनी बड़ी रकम कैसे वसूली जाती रही? फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई और ठगी की वास्तविक रकम सामने आ सकेगी।

Hot Topics

Related Articles