सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोमाडीह में पुलिस की दबिश से बचने के लिए तालाब में छलांग लगाने वाले 38 वर्षीय ग्रामीण महेश राम केंवट का शव तीन दिन बाद बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया है। युवक की मौत के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया है और गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को निलंबित कर दिया गया है और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर की देर रात हसौद पुलिस को ग्राम डोमाडीह में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने कुछ युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। इसी दौरान पुलिस से बचने और मारपीट के डर से गांव के ही रहने वाले महेश राम केंवट ने पास के गहरे गंगासागर तालाब में छलांग लगा दी।
तालाब अधिक गहरा होने के कारण महेश पानी से बाहर नहीं निकल सका और लापता हो गया। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार 24 नवंबर को बिलासपुर से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया। लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार 25 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे गंगासागर तालाब से महेश राम केंवट का शव बरामद हुआ।
युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और थाना प्रभारी के निलंबन की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाइश दी। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रशिक्षु एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












