अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताने का एक अनोखा और व्यंग्यात्मक अंदाज सामने आया है। लाखों रुपये की चोरी और हेराफेरी के मामले में लंबे समय से आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगाकर कहा कि व्यापारियों ने उन्हें रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया है, इसलिए पुलिस भेजकर पहले उन्हें छुड़वाया जाए। मंत्री और थाना प्रभारी के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अग्रसेन भवन में जुटे थे नाराज व्यापारी
यह पूरा घटनाक्रम अंबिकापुर के अग्रसेन भवन का है, जहां पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में 40 से 50 स्थानीय व्यापारियों ने बैठक बुलाई थी। बैठक में मौजूद पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने व्यापारियों ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। व्यापारियों का आरोप था कि गंभीर मामले में एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इस दौरान व्यापारियों ने कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई करने के बजाय ‘खर्चा-पानी’ लेने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
मंत्री ने व्यंग्यात्मक लहजे में लगाई फटकार
व्यापारियों की शिकायतें और पुलिस पर लगे आरोपों को सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने मौके से ही कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) अखिलेश सिंह को फोन लगाया। बातचीत के दौरान मंत्री ने तल्ख और व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि जब पुलिस अपराधियों को नहीं पकड़ पा रही है, तो नाराज व्यापारियों ने उन्हें ही बांधकर बंधक बना लिया है। उन्होंने टीआई से कहा कि पहले पुलिस बल भेजकर उन्हें व्यापारियों के चंगुल से छुड़वाया जाए। हालांकि, यह किसी बंधक बनाए जाने की वास्तविक घटना नहीं थी, बल्कि पुलिस के ढुलमुल रवैये के प्रति मंत्री का विरोध जताने का तरीका था।
क्या है 50 लाख की हेराफेरी का पूरा मामला
दरअसल, यह विवाद अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित ‘अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी’ में हुई लाखों की चोरी से जुड़ा है। कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक माह पूर्व कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कंपनी में पिछले छह वर्षों से कार्यरत बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने मिलकर कंपनी की फर्जी सील और नकली रसीदें तैयार की थीं। आरोप है कि दोनों ने मिलकर पिछले चार महीनों में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की हेराफेरी की और मालवाहक वाहनों के जरिए सामान को गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाकर बाजार में बेच दिया।
टीआई ने मांगी तीन दिन की मोहलत
फोन पर मंत्री की नाराजगी और फटकार के बाद कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मंत्री से दो से तीन दिन की मोहलत मांगी है। इस पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तय समय सीमा के भीतर ठोस कार्रवाई कर उन्हें सूचित किया जाए।












