अरपा नदी के नवीन घाट का नाम ‘वीरांगना बिलासा दाई घाट’ रखने की मांग, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर

बिलासपुर की ऐतिहासिक पहचान एवं छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान को सम्मान देने की मांग को लेकर आज वार्ड क्रमांक 61, सरकंडा स्थित रामसेतु पुल के ऊपर अरपा नदी में निर्मित नवीन घाट का नामकरण ‘वीरांगना बिलासा दाई घाट’ किए जाने के संबंध में जिला कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश कैवर्त ने मांग की गई कि अरपा नदी के उक्त नवीन घाट का नामकरण वीरांगना बिलासा दाई के नाम पर किया जाए तथा घाट पर उनके नाम का स्थायी नामकरण पट्ट स्थापित किया जाए।

शहर अध्यक्ष रामायण निषाद ने कहा कि वीरांगना बिलासा दाई छत्तीसगढ़ के गौरव, साहस, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत की प्रतीक हैं। बिलासपुर शहर की पहचान भी उनके नाम और गौरवगाथा से जुड़ी हुई है। ऐसे में अरपा नदी के किनारे निर्मित नवीन घाट का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके सम्मान के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

शहर उपाध्यक्ष विश्राम साहू ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और घाट का नाम ‘वीरांगना बिलासा दाई घाट’ रखने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।

हमारी मांग है कि बिलासपुर की पहचान और छत्तीसगढ़िया अस्मिता की प्रतीक वीरांगना बिलासा दाई को सम्मान देते हुए अरपा नदी के नवीन घाट का नाम उनके नाम पर रखा जाए।

Hot Topics

Related Articles