अर्जुनी में लगातार चोरी से ग्रामीणों में दहशत, स्वामी आत्मानंद स्कूल में भी चोरों ने किया हाथ साफ

अर्जुनी। बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। बुधवार रात शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक शाला के मध्यान्ह भोजन केंद्र को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए 3 बोरी चावल, 25 किलो अरहर दाल और एक पंखा चोरी कर लिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस से क्षेत्र में विशेष निगरानी और सघन कार्रवाई की मांग उठने लगी है। गुरुवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर चोरी की घटना की जानकारी सामने आई। विद्यालय परिसर में चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

             विद्यालय में रखे मध्यान्ह भोजन के सामान की चोरी होने से बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। बता दे कि स्कूल में चोरी की घटना से ठीक एक दिन पहले अर्जुनी में सोहन वर्मा की दुकान का शटर उठाकर चोर जरूरी सामान और नगद राशि चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर अब तक अपेक्षित सख्ती और सघन कार्रवाई नजर नहीं आने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पूर्व की चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Hot Topics

Related Articles