- पहले भी सुरक्षा बल बरामद कर चुके हैं 7.60 करोड़ रुपये नकद और 8.5 किलो सोना, माओवादी डम्प से लगातार मिल रही कीमती संपत्ति
ब्रजेश पांडेय बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सुरक्षा बल की टीम ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये की नगद राशि बरामद की है। बरामद रकम 500-500 रुपये के नोटों में थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया।
सर्चिंग के दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर बोरी में छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर उनमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये की नगद राशि बरामद हुई।
गौरतलब है कि बीजापुर जिले में इससे पहले भी सुरक्षा बलों द्वारा माओवादी डम्प से बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, पूर्व की कार्रवाइयों में अब तक 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
बड़ेपल्ली की ताजा बरामदगी को जोड़ दें तो माओवादी डम्प से नकदी और कीमती धातुओं की बरामदगी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना किन स्रोतों से जुटाया गया था और इसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में होना था, यह जांच का महत्वपूर्ण विषय है।












