भाटापारा- नगर पालिका परिषद भाटापारा द्वारा शहर में जलकर की बकाया राशि वसूली एवं अवैध नल कनेक्शनधारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) शिवकुमार यादव के सख्त निर्देशों के परिपालन में राजस्व प्रभारी देवकुमार बंजारे के नेतृत्व में नगर पालिका की विशेष टीम गठित कर यह अभियान चलाया गया।
कार्यवाही के दौरान टीम ने बकायेदारों के घर-घर जाकर जलकर वसूली एवं अवैध रूप से लगाए गए नल कनेक्शनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने और
लंबे समय से जलकर का भुगतान न करने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नल कनेक्शन विच्छेद (कट काटने) तथा टूल्लू पंप जब्ती की कार्यवाही की गई।
जिन व्यक्तियों पर कार्यवाही की गई एवं टूल्लू पंप जब्त किए गएः
श्री रघुनाथ ध्रुव, श्री विश्राम ध्रुव श्री मोहन ध्रुव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शिवकुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि जिन नागरिकों का जलकर बकाया है, वे शीघ्र अति शीघ्र नगर पालिका कार्यालय में जमा कर रसीद प्राप्त करें तथा जिन लोगों ने अवैध रूप से नल कनेक्शन लिया है या डायरेक्ट टूल्लू पंप लगाकर पानी खींच रहे हैं, वे उसे नियमित कराएं। अन्यथा आगे भी इसी तरह कनेक्शन काटने और जब्ती की कड़ी कार्यवाही की जाएगी।














