दल्लीराजहरा/कुसुमकसा :- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय आम महोत्सव में चिखलाकसा निवासी उन्नत कृषक बलजीत सिंह ने जैविक पद्धति से उत्पादित आमों की प्रदर्शनी में सर्वाधिक 13 पुरस्कार प्राप्त कर पूरे छत्तीसगढ़ सहित बालोद जिले का नाम रोशन किया है। इस महोत्सव में देशभर के राष्ट्रीय स्तर के कृषक शामिल हुए थे। विभिन्न किस्मों के आमों की गुणवत्ता का परीक्षण लखनऊ से आए विशेषज्ञों द्वारा किया गया। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बलजीत सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे जैविक खाद अपनाकर अन्य कृषकों के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहे हैं। इस उपलब्धि पर भाजपा कुसुमकसा मंडल अध्यक्ष श्री योगेंद्र सिन्हा ने बलजीत सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। श्री सिन्हा ने कहा कि बलजीत सिंह की यह सफलता क्षेत्र के सभी किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित करेगी।






