बलौदाबाजार उपजेल में रक्षाबंधन के मौके पर बंदियों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में उनकी बहनें पहुंचीं। सुबह से ही जेल परिसर में बहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान 650 से अधिक बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
भाई-बहन की मुलाकात के दौरान कई लोग भावुक हो गए। बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाई और उनका हालचाल जाना। लंबे समय बाद भाई से मिलने पर कई बहनों की आंखें भी नम हो गईं।
सावित्री, महेश्वरी, मंजूषा, अर्चना और माधुरी समेत अन्य बहनों ने कहा कि भाई चाहे कहीं भी हों, भाई की कलाई पर राखी बांधना उनके लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने जेल प्रशासन की व्यवस्था की भी तारीफ की। बहनों ने कहा कि उन्हें बिना परेशानी के भाइयों से मिलने और राखी बांधने का मौका मिला।
उपजेल के जेलर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि हर साल रक्षाबंधन पर बहनों के लिए विशेष व्यवस्था की जाती है। इस साल 650 से अधिक बहनों ने बंदियों को राखी बांधी। जेल प्रशासन का प्रयास रहता है कि भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते के बीच कोई परेशानी न आए। रक्षाबंधन पर जेल के अंदर का माहौल भावुक रहा। कई बंदी महीनों बाद अपनी बहनों से मिले। बहनों ने राखी बांधकर भाइयों को जल्द घर लौटने की उम्मीद भी दी।
नन्हीं छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
वहीं, रक्षाबंधन के मौके पर जिले के अलग-अलग स्कूलों की छात्राएं सिटी कोतवाली थाना पहुंचीं। नन्हीं छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बच्चियों के थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में भी खुशी का माहौल रहा।
राखी बांधने वाली छात्राओं में बचपन स्कूल बलौदाबाजार और अहिल्या इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल लाहोद समेत कई स्कूलों की छात्राएं शामिल थीं।
साइबर सुरक्षा का संदेश भी दिया
इस आयोजन के जरिए छात्राओं ने साइबर सुरक्षा का संदेश भी दिया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों और वहां मौजूद लोगों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी को भी OTP, बैंक की जानकारी या पासवर्ड शेयर न करें। सोशल मीडिया पर भी निजी जानकारी शेयर करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत कर सकता है।
इस मौके पर “राखी का प्यार… साइबर सुरक्षा का उपहार” का संदेश दिया गया। आयोजन में भाई-बहन के रिश्ते के साथ लोगों को साइबर अपराधों से सावधान रहने का संदेश भी दिया गया।















