ओपन परीक्षा केंद्र नहीं होने से महिलाओं की बढ़ी परेशानी, चौपाल संस्था ने कराई बसों की व्यवस्था

जियाउल खान |लखनपुर/सरगुजा। लखनपुर विकासखंड में ओपन परीक्षा केंद्र नहीं होने के कारण 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा देने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह लखनपुर बस स्टैंड पर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ परीक्षा देने पहुंचीं।

मांजा, चोड़ेया, सकरिया, कुंवरपुर, अंधला सहित कई ग्राम पंचायतों से करीब 200 महिलाएं अपने साधनों से लखनपुर पहुंचीं। इसके बाद उन्हें परीक्षा देने के लिए अंबिकापुर जाना पड़ा। महिलाओं ने बताया कि पहले लखनपुर आने के लिए किराया खर्च करना पड़ा और अब परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।

महिलाओं की परेशानी को देखते हुए चौपाल संस्था द्वारा बसों की वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।

महिलाओं के अनुसार उन्होंने पूर्व में विधायक राजेश अग्रवाल एवं जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल के समक्ष लखनपुर में ओपन परीक्षा केंद्र बनाने की मांग रखी थी। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्र बनाए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक लखनपुर में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया।

महिलाओं ने मांग की है कि लखनपुर में ही ओपन परीक्षा केंद्र की व्यवस्था की जाए, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को अंबिकापुर जाने की परेशानी से राहत मिल सके।

Hot Topics

Related Articles