- इंजीनियर और ठेकेदार को लगाई फटकार, कहा – गुणवत्ता और जनता की सुविधा से कोई समझौता नहीं
मुंगेली।(संदीप यादव) कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मंगलवार को पंडरिया राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर उड़ रही धूल, अव्यवस्थित यातायात और नाली निर्माण में हो रही लापरवाही को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
मौके पर मौजूद एनएच विभाग के इंजीनियर को कलेक्टर ने फटकार लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और सड़क किनारे नाली का निर्माण तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क बनाने के साथ-साथ आम लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना भी निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है। निर्माण के दौरान नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
*ठेकेदार को भी मिली चेतावनी*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को भी निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव, जरूरी सुरक्षा संकेतक लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि “काम की गुणवत्ता के साथ आम जनता की सुविधा और सुरक्षा से किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
*समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश*
कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित इंजीनियरों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, एनएच के ईई रविन्द्र के. खांभरा और एनएच के सब इंजीनियर उपस्थित रहे।






