कसडोल क्षेत्र में 28 हाथियों का दल, पिथौरा मार्ग पर आवागमन में खतरा

धान की फसल को भारी नुकसान, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग ने जारी की सतर्कता की अपील

कसडोल। कसडोल के समीपस्थ गांवों में इन दिनों 28 हाथियों के दल की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों के कसडोल-पिथौरा मार्ग के आसपास पहुंचने से रह-रहकर आवागमन प्रभावित हो रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के आसपास हाथियों के दिखाई देने पर पुलिस और वन विभाग कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक रहे हैं।

खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान

हाथियों के दल ने आसपास के खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्राम डाढ़ाखार के किसान संत राम देवदास, दशोदा बाई, ग्रहण पारधी, शिकारी, मंगलू और रामलाल सहित पौड़ी, असनीद और पचपेड़ी के किसानों ने वन विभाग को फसल नुकसान की जानकारी दी है। किसानों ने शीघ्र क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की मांग की है।

दस गांवों में हाथियों की आवाजाही

डिप्टी रेंजर संतोष साहू ने बताया कि 28 हाथियों का दल वर्तमान में पौड़ी, पचपेड़ी, खरहा, बम्हनी, आसनीद, झालपानी, फर्फुंदी, डाढ़ाखार, बलार और नवागांव क्षेत्र में विचरण कर रहा है। प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। विशेष रूप से रात के समय जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

वन विभाग का मैदानी अमला हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के गांव की ओर बढ़ने पर तत्काल ग्राम सरपंच या वन अमले को सूचना दें। रात में अत्यंत आवश्यक होने पर ही समूह में निकलें और साथ में रोशनी का साधन रखें।

हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों के दल के करीब जाकर फोटो लेने या शोर मचाने से बचने की सलाह दी है। हाथियों को उकसाने या उनका रास्ता रोकने से खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों से सावधानी बरतने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

कसडोल और आसपास का मैदानी क्षेत्र बलार अभयारण्य से लगा हुआ है। बताया जाता है कि यह क्षेत्र हाथियों की आवाजाही वाले पारंपरिक मार्गों में शामिल है। सितंबर-अक्टूबर में धान की फसल पकने के दौरान भोजन और पानी की तलाश में हाथियों के जंगल से निकलकर खेतों की ओर आने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

Hot Topics

Related Articles