टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों की अब होगी साप्ताहिक जांच, जिला अस्पताल में क्लीनिक शुरू

बलौदाबाजार, 16 सितंबर 2026। बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज के बेहतर नियंत्रण और उन्हें नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला अस्पताल में साप्ताहिक टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। इस पहल से जिले के प्रभावित बच्चों को नियमित उपचार, चिकित्सकीय सलाह और फॉलोअप की सुविधा जिला अस्पताल में ही मिल सकेगी।

हर बुधवार होगा क्लीनिक का संचालन

डब्ल्यूजेसीएफ के तकनीकी सहयोग से शुरू किया गया यह क्लीनिक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगा। यहां टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों की नियमित जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श और काउंसलिंग की जाएगी। बच्चों और उनके अभिभावकों को मधुमेह के बेहतर प्रबंधन, इंसुलिन के नियमित उपयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।

क्लीनिक शुरू होने से बच्चों को इलाज और फॉलोअप के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। जिला अस्पताल में निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से बच्चों और उनके परिवारों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इंसुलिन प्रबंधन और नियमित जांच पर जोर

टाइप-1 डायबिटीज ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर इंसुलिन का उत्पादन बहुत कम करता है या लगभग बंद कर देता है। इसके कारण रक्त में शुगर का स्तर बढ़ सकता है। इस स्थिति में नियमित इंसुलिन उपचार, ब्लड शुगर की जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों और चिकित्सकीय सलाह का पालन महत्वपूर्ण होता है।

समय पर पहचान और उचित प्रबंधन के माध्यम से टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चे स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जी सकते हैं। क्लीनिक के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को बीमारी के प्रबंधन की जानकारी देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

क्लीनिक के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. के. के. टेम्भूरने, डीपीसी संजय कुमार, अस्पताल सलाहकार रीना सलूजा एवं डॉ. स्वाति शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नर्सिंग ऑफिसर और काउंसलर उपस्थित रहे।

 

 

Hot Topics

Related Articles