कांकेर:(विकास जैन)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सट्टा-पट्टी लिख रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोखलामांझी, अन्नपूर्णापारा कांकेर क्षेत्र में एक व्यक्ति विभिन्न अंकों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक व्यक्ति को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमलेश सोनी (41 वर्ष), निवासी अन्नपूर्णापारा, कांकेर बताया।
12,400 रुपये की सामग्री बरामद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 3 नग सट्टा-पट्टी, एक नीले रंग का डाट पेन, 2,400 रुपये नगदऔर रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने कुल 12,400 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सट्टा खेलना और खिलाना स्वीकार किया। इसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल राखेचा के
निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध नशा, जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नोहरू राम नेताम, आरक्षक संतोष मरकाम, चन्द्रशेखर वट्टी और अनिल मरकाम की भूमिका रही। वहीं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक सचिन शोरी, नारद देवांगन, यशवंत, ज्ञानचंद, भूपेश तथा महिला आरक्षक असमोतिन और निर्मला का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अपराधिक हेल्पलाइन नंबर: 94791-55125








