पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक सक्रियता के बीच कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव का दौरा लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत पाटन के पूर्व पार्षद रहे तीन कांग्रेस नेताओं ने विधायक देवेंद्र यादव से मुलाकात कर चाय पर विभिन्न राजनीतिक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। विधायक से मुलाकात करने वालों में कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद श्रीकांत देवांगन, पूर्व पार्षद विजय यादव तथा पूर्व पार्षद पति विजय उर्फ सोनू यादव शामिल रहे। तीनों नेताओं की एक साथ विधायक देवेंद्र यादव से हुई मुलाकात को स्थानीय राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पाटन ब्लॉक में आगामी 23 अगस्त को एक बड़ा बैठक का आयोजन होने जा रहा है। ऐसे में आयोजन से पहले कांग्रेस नेताओं की विधायक देवेंद्र यादव से मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई और आगामी आयोजन को लेकर क्या रणनीति बनी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गढ़ माने जाने वाले पाटन क्षेत्र में विधायक देवेंद्र यादव की लगातार बढ़ती सक्रियता और कांग्रेस नेताओं से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। अब इस मुलाकात के पीछे महज संगठनात्मक चर्चा है या कोई नई राजनीतिक खिचड़ी पक रही है, इसका जवाब आने वाले समय में ही सामने आएगा।
कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव का बढ़ रहा है पाटन दौरा, पाटन नगर के तीन कांग्रेस नेताओं ने की मुलाकात












