दुर्ग। जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल से भरा डिब्बा जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना 17 अगस्त 2026 को ग्राम अरसनारा के पास हुई थी। ग्राम कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास निवासी कारंजा भिलाई वहां पहुंचा और महिला पर केमिकल डाल दिया। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए नंदिनी नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 271/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता के उपचार तथा घटना से जुड़ी जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से आरोपी तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने घटना की जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संभावित स्थानों पर लोगों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी महेश दास महिला द्वारा उससे बातचीत बंद किए जाने से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और टिन के डिब्बे में रखा बैटरी में उपयोग होने वाला केमिकल महिला पर छिड़क दिया। मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार पुलिस को जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से संबंधित जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को जब्त किया। इसके अलावा केमिकल से भरा डिब्बा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी महेश दास उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम कारंजा भिलाई थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार कर 18 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।














