BJP कार्यालय एडिट वीडियो वायरल का मामला, दो गिरफ्तार

धमतरी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और एडिटेड वीडियो प्रसारित कर जनभावनाओं को प्रभावित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा फहराने वाले पुराने वीडियो को एडिट कर उसे तिरंगे के अपमान से जोड़कर वायरल करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक, आपत्तिजनक और एडिटेड सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4) और 353(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।  पुराने वीडियो को एडिट कर किया गया वायरल पुलिस जांच में सामने आया कि 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। आरोप है कि इसी मूल वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भ्रामक संदेश के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। वीडियो में बदलाव करते हुए इसे इस तरह प्रस्तुत किया गया कि मानो धमतरी में तिरंगे की जगह किसी अन्य झंडे को फहराया गया हो। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वीडियो के साथ भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़कर इसे Instagram और Facebook जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया था। मोबाइल जांच में मिले डिजिटल सबूत मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ की। इसके बाद उनके मोबाइल फोन का विधिवत निरीक्षण किया गया। मोबाइल जांच में वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन और सोशल मीडिया से जुड़े कई तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार मूल वीडियो को डाउनलोड कर News Banao App के माध्यम से एडिट किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि एडिटेड वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने के बाद डिलीट करने का प्रयास किया गया था। हालांकि Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी वीडियो से जुड़े साक्ष्य मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित कर लिया। वहीं आरोपी राकेश निराला के मोबाइल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराने से संबंधित फोटो भी मिले। पुलिस ने इन डिजिटल साक्ष्यों का पंचनामा तैयार किया है।  दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निराला पिता मंगल निराला उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम जिल्दी थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ और राकेश निराला पिता स्वर्गीय मंगल निराला उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम जिल्दी थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। छत्तीसगढ़ के भी पुलिस ने की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कहा कि एडिटेड, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की गलत सूचना या अफवाह को फैलने से रोका जा सके।

 

 

Hot Topics

Related Articles