देश के 9.34 करोड़ किसानों को मिले 18,680 करोड़ रुपए से अधिक; बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 1.22 लाख से अधिक किसानों के खातों में 24.90 करोड़ रुपए अंतरित
भाटापारा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, भाटापारा में प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। इस दौरान गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के लगभग 9.34 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई। वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 1,22,404 पात्र किसानों के खातों में 24.90 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पहुंची।
कार्यक्रम सविता प्रदीप अनंत, अध्यक्ष जनपद पंचायत भाटापारा के मुख्य आतिथ्य, डॉ. अंगद सिंह राजपूत की अध्यक्षता तथा दीपक नायक, उपसंचालक कृषि, बलौदाबाजार के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की महत्वपूर्ण पहल
मुख्य अतिथि सविता प्रदीप अनंत ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी छोटी-छोटी आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की आधारशिला हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से ही गांवों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का समग्र विकास संभव है। उन्होंने किसानों से शासन की कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने का आह्वान किया।
कम लागत और टिकाऊ खेती पर दिया जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. अंगद सिंह राजपूत ने कहा कि कृषि क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए किसानों को पारंपरिक ज्ञान के साथ वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। खेती में केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लागत कम करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र किसानों तक कृषि विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थानों द्वारा विकसित नवीन तकनीकों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की दी जानकारी
कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि जयेंद्र कंवर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को योजना की किस्त प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और बैंक खाते से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया।
वहीं कृषि विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कश्यप ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, नवीन कृषि तकनीकों और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।







