जशपुर/कुनकुरी। लोक आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने गृह जिले जशपुर और विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान सूर्य की आराधना की। मुख्यमंत्री सुबह अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ पारंपरिक रूप से सिर पर पूजा का दौरा (सूप) रखकर कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचे। वहां उन्होंने अन्य व्रतियों और श्रद्धालुओं के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की तथा उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन किया। इससे एक दिन पूर्व संध्या अर्घ्य के अवसर पर भी मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के तपकरा छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना की थी।
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
छठ घाट पर पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छठ मैया और भगवान भास्कर से समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बड़े सौभाग्य का विषय है कि वे हर वर्ष की भांति इस बार भी अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में परिवार और क्षेत्रवासियों के साथ छठ महापर्व में शामिल होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। उन्होंने व्रती माताओं और बहनों से आशीर्वाद लेते हुए कामना की कि छठी मैया और सूर्य देव की कृपा पूरे प्रदेश पर सदैव बनी रहे।
छठ घाट सौंदर्यीकरण सहित 23 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन
छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी क्षेत्र के नागरिकों और श्रद्धालुओं को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी दी। उन्होंने कुनकुरी में 23 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन विकास योजनाओं में कुनकुरी छठ घाट और तालाब का सुव्यवस्थित विकास एवं जीर्णोद्धार, सड़क निर्माण, सांस्कृतिक भवन तथा जिम का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि घाट के नवनिर्माण और सौंदर्यीकरण से आगामी वर्षों में व्रती माताओं-बहनों को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।












