छठ व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, संतान की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

मातादेवाला तालाब सहित विभिन्न जलाशयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट

भाटापारा। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर संतान की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। शाम होते ही शहर के मातादेवाला तालाब सहित विभिन्न जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

व्रती महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से सजे डाला और हाथों में अर्घ्य का सूप लेकर पारंपरिक वेशभूषा में घाटों पर पहुंचीं। जलाशयों में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और सुखद भविष्य के लिए प्रार्थना की गई। घाटों पर छठ पर्व की पारंपरिक छटा देखते ही बन रही थी।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके लिए सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तैयारी करेंगे। सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रती महिलाएं अपना निर्जला व्रत पूर्ण करेंगी। इस प्रकार करीब 36 घंटे से चले आ रहे कठिन निर्जला उपवास का पारायण होगा।

छठ पूजा में संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य का विशेष धार्मिक महत्व है। व्रती पूरे नियम, संयम और श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना करती हैं। सुबह अर्घ्य के पश्चात प्रसाद वितरण कर पर्व की खुशियां साझा की जाएंगी।

पारंपरिक पकवानों और मौसमी फलों से सजे पूजा के डाला

छठ पूजा को लेकर घरों में कई दिन पहले से ही पारंपरिक पकवान बनाने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। नए चूल्हे पर शुद्धता और परंपरा के साथ ठेकुआ, चावल के लड्डू, अनरसा, सलोनी सहित विभिन्न पकवान तैयार किए गए। वहीं पूजा के डाला में अमरूद, सेब, संतरा, नारियल, केला, घाघल, नींबू, सिंघाड़ा, मूली, गाजर, अदरक, शकरकंद, गन्ना और मूंगफली सहित अनेक मौसमी फल एवं सब्जियां सजाई गईं।

बांस की पारंपरिक टोकरियों में सजे फल, पकवान और पूजन सामग्री लेकर व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंचीं। श्रद्धा, पवित्रता और पारिवारिक मंगलकामना के इस महापर्व ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।

Hot Topics

Related Articles