कुम्हारी में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी, फैक्ट्री से 30 बोरा गुटखा और 2 मशीनें जब्त

कुम्हारी : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने छापेमारी की। स्टेशन चौक इलाके में एक फैक्ट्री के अंदर गुटखा बनाए जाने की सूचना पर टीम ने कार्रवाई की। मौके से गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की करीब 10 से 12 सदस्यों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची थी। अधिकारियों ने गोदाम के अंदर रखी मशीनों, तैयार गुटखे, अन्य सामान और दस्तावेजों की जांच की। शुरुआती जानकारी में जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत और टैक्स से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

जीएसटी अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। कार्रवाई के दौरान गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री को भी खंगाला गया।

बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में कार्रवाई हुई, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता है। हालांकि, इस संबंध में सेंट्रल जीएसटी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को लेकर रायपुर रवाना हो गई। दस्तावेजों और जब्त सामग्री की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles