धमतरी में सब इंस्पेक्टर के मकान में भीषण आग, एसी ब्लास्ट से लाखों का सामान जलकर खाक; परिवार ने भागकर बचाई जान

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सब इंस्पेक्टर (SI) के रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रत्नाबांधा रोड स्थित जुनेजा कॉलोनी में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन में पदस्थ सब इंस्पेक्टर रामकृष्ण साहू (आरके साहू) के मकान में सुबह करीब 9:45 बजे अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह कमरे में लगे एयर कंडीशनर (AC) में तेज धमाके (ब्लास्ट) के साथ हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। एसी से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के वक्त एसआई रामकृष्ण साहू अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के भीतर ही मौजूद थे। जैसे ही कमरे से धुआं और आग की लपटें बाहर आती दिखीं, परिवार के सभी सदस्य तत्परता दिखाते हुए तुरंत घर से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं, घर से धुएं का गुबार उठता देख आसपास के रहवासी भी मौके पर जमा हो गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत तथा लगभग दो हजार लीटर पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक घर के बेडरूम में रखा सोफा, पलंग, कपड़े और अन्य कीमती घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। मकान मालिक की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने के कारण कुल आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन अभी सामने नहीं आ सका है, लेकिन इस घटना से परिवार को भारी क्षति पहुंची है।

Hot Topics

Related Articles