15 नवंबर से बलौदाबाजार जिले में शुरू होगी धान खरीदी, 61 केंद्रों पर तैयारियां तेज

153 किसानों ने कराया टोकन बुक, 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन और 30 प्रतिशत समितियों के माध्यम से मिलेंगे

बलौदाबाजार। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिले के 61 धान खरीदी केंद्रों में अब तक 153 किसानों ने टोकन बुक कराया है। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन माध्यम से तथा 30 प्रतिशत टोकन संबंधित सहकारी समितियों के जरिए जारी किए जाएंगे।

तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे कर सकेंगे बुकिंग

धान खरीदी के लिए 10 नवंबर से तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीयन और टोकन बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसान घर बैठे अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे समितियों में भीड़ कम होगी और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।re

खरीदी केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों के नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने धान की नमी जांचने वाले आर्द्रतामापी यंत्रों और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों का कैलिब्रेशन कराने को कहा है। इसके साथ ही माइक्रो एटीएम चालू रखने, किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केंद्रों में नए और पुराने बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही नए प्राधिकृत अधिकारियों को तत्काल प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया।

15 नवंबर तक होगा रकबा सत्यापन

कलेक्टर ने बताया कि पीव्ही ऐप के माध्यम से रकबा सत्यापन की समय-सीमा बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय में लंबित सत्यापन पूरा करने और किसानों के रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटियों को सुधारने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी जीएन साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन का लक्ष्य धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी 61 केंद्रों में जरूरी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराकर खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाना है।

Hot Topics

Related Articles