जियाउल खान
लखनपुर सरगुजा निम्हा धान खरीदी केंद्र में यथावत व्यवस्था रखने की मांग, कलेक्टर और पर्यटन मंत्री को पहले भी सौंप चुके हैं ज्ञापन; सुनवाई नहीं होने पर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुमगराकला, बगदरी और गुमगरा खुर्द के किसानों ने नवीन धान खरीदी केंद्र कोरजा (बिनकरा) बनाए जाने के फैसले का विरोध शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि तीनों गांवों के किसानों को पूर्व की तरह निम्हा धान खरीदी केंद्र में ही रखा जाए,
ताकि उन्हें धान बेचने के दौरान अनावश्यक परेशानियों और आवागमन की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।किसानों के अनुसार, धान खरीदी केंद्र को निम्हा से हटाकर कोरजा-बिनकरा किए जाने से तीनों गांवों के किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इस संबंध में किसानों द्वारा पूर्व में सरगुजा कलेक्टर एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद अब तक किसानों की मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने वाली है और किसानों का टोकन कटना भी प्रारंभ हो गया है। ऐसे में खरीदी केंद्र को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। समय रहते समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों को धान बेचने में परेशानी होने की आशंका है।
इसी मांग को लेकर तीनों गांवों के आक्रोशित किसान लखनपुर तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार कर पूर्ववत निम्हा धान खरीदी केंद्र में ही व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर चक्काजाम भी किया जाएगा।
अब देखना होगा कि धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन किसानों की समस्या का समाधान कर पाता है या फिर किसानों को अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।












