बलौदा बाजार भाटापारा,स्व. सोनचंद स्मृति फाउंडेशन के तत्वाधान में नगर भवन, बलौदाबाजार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने 105 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान कर उनके शिक्षा एवं समाज निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि गुरु का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च है। शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि वे हमारे व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं। गुरुजनों का उपकार हम सभी के ऊपर है, जिसे हम कभी चुका नहीं सकते। उन्होंने सभी गुरुजनों को दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करते हुए उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज की नई पीढ़ी को दिशा देते हैं। आज जिन शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया जा रहा है, उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष बच्चों को शिक्षित करने और राष्ट्र निर्माण में समर्पित किए हैं। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ सनम जांगड़े, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, टेसू लाल धुरंधर, स्व. सोनचंद स्मृति फाउंडेशन के अध्यक्ष पुष्पराज वर्मा सहित पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।








