बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा जिला बलौदाबाजार द्वारा सेवा, जनसंपर्क और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवरतन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा सनम जांगड़े, अजय राव, आनंद यादव, जिला अध्यक्ष टेसू लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, अश्वनी शर्मा और राकेश तिवारी सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा और जनकल्याण को अभियान का केंद्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नंदन जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने और जनहित से जुड़े कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।
अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सपनों का भारत’, चित्रकला प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी में महिलाओं का सम्मान, ‘कहानी बनाओ’ कार्यक्रम, विकसित भारत संकल्प यात्रा, बस्तर में नक्सलमुक्त अभियान पर वीडियो निर्माण, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी यात्रा और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसी गतिविधियां आयोजित करने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता को 25 मिनट का समय सेवा कार्यों के लिए देने, कार्यकर्ताओं को पोर्टल से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छता, पौधरोपण से स्वास्थ्य परीक्षण तक
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, पौधरोपण, रंगोली निर्माण, रक्तदान, स्वास्थ्य परीक्षण और नशामुक्त भारत संकल्प अभियान सहित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
भाजपा की ओर से इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने और सेवा कार्यों को स्थानीय स्तर पर व्यापक रूप देने की बात कही गई।
2047 के विकसित भारत का लक्ष्य
पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस लक्ष्य को लेकर निरंतर सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को आमजन तक पहुंचाने की बात कही।
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि विकसित भारत बनाने का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने मन में लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर
कार्यक्रम के स्वागत भाषण में जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उनके उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने तथा सेवा गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित किए जाने की योजना है।








