कॉलेज छात्राओं ने की कलेक्टर , एसपी से मुलाकात प्रशासनिक कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा की भी ली जानकारी

बलौदाबाजार। शिक्षा के साथ सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से सफलता की राह आसान हो जाती है। इसी उद्देश्य से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप का लाभ प्राप्त कर रहीं शासकीय दाऊ कल्याण (डीके) कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार की छात्राओं ने जिला कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय से मुलाकात की।

इस दौरान छात्राओं ने अधिकारियों से UPSC एवं CGPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं ने परीक्षा की रणनीति, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन तथा प्रशासनिक सेवाओं में करियर से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे। अधिकारियों ने छात्राओं को उनके भविष्य के लक्ष्यों के प्रति गंभीरता और निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने बताए सफलता के मूलमंत्र

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरे पाठ्यक्रम की स्पष्ट रूपरेखा बनाकर अध्ययन करना चाहिए। साथ ही समय-समय पर अपनी तैयारी का मूल्यांकन करते रहना जरूरी है।

उन्होंने छात्राओं को पुराने प्रश्नपत्रों का अध्ययन एवं विश्लेषण करने, समसामयिक घटनाओं से अपडेट रहने तथा विषयों की वैचारिक समझ विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि लंबी तैयारी के दौरान धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

एसपी ने साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने छात्राओं से संवाद करते हुए साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी तथा OTP और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के जोखिम के बारे में बताया।

एसपी गौरव राय ने छात्राओं को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। बैंकिंग एवं ऑनलाइन लेनदेन से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।

प्रशासनिक कामकाज को करीब से जाना

मुलाकात के दौरान छात्राओं ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी उत्सुकता दिखाई। कलेक्टर एवं एसपी ने उन्हें कलेक्टोरेट के विभिन्न कार्यों, नागरिक सेवाओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों की जानकारी दी। छात्राओं ने अधिकारियों से प्रशासनिक सेवाओं में कार्य करने के अनुभव और जिम्मेदारियों से जुड़े सवाल भी पूछे।

छात्राओं ने इस मुलाकात को अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि अधिकारियों से सीधे संवाद और मार्गदर्शन मिलने से उन्हें सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी तथा भविष्य के लक्ष्य को लेकर नई दिशा मिली है।

Hot Topics

Related Articles