मुद्रित प्रश्नपत्रों के अभाव पर सरयू साहित्य परिषद ने जताई चिंता

शिक्षा मंत्री के नाम एसडीएम एवं बीईओ को सौंपा ज्ञापन, समस्या के समाधान और प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की मांग

भाटापारा। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक कक्षाओं की त्रैमासिक परीक्षाओं में मुद्रित प्रश्नपत्रों के अभाव को लेकर शैक्षणिक क्षेत्र में चिंता के स्वर उठने लगे हैं। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन में विद्यार्थियों को मुद्रित प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति को लेकर पालकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। मामले को लेकर नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद ने संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री के नाम एसडीएम एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।

पीडीएफ और ब्लैकबोर्ड के सहारे परीक्षा

कक्षा पहली से आठवीं तक आयोजित की जा रही त्रैमासिक परीक्षा में प्रश्न तो उपलब्ध हैं, लेकिन कई स्थानों पर विद्यार्थियों को मुद्रित प्रश्नपत्र नहीं मिल पाने की स्थिति सामने आई है। भाटापारा क्षेत्र में परीक्षा के दौरान पीडीएफ तथा ब्लैकबोर्ड के माध्यम से प्रश्न उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। संस्था के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों से भी इसी प्रकार की स्थिति की जानकारी सामने आ रही है।

परीक्षा विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के आकलन का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में प्रश्नपत्रों की मुद्रित प्रतियां उपलब्ध नहीं होने से परीक्षा संचालन की व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पालकों में नाराजगी

मुद्रित प्रश्नपत्रों के अभाव को लेकर शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के पालकों में नाराजगी के स्वर भी सामने आए हैं। पालकों का कहना है कि परीक्षा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के आकलन का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में परीक्षा को व्यवस्थित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराया जाना आवश्यक है। उनका मानना है कि मौजूदा व्यवस्था से परीक्षा की गंभीरता प्रभावित हो सकती है।

शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

इस परिस्थिति को लेकर सरयू साहित्य परिषद ने विद्यार्थियों एवं पालकों की समस्या को ध्यान में रखते हुए शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एसडीएम श्यामा पटेल एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी भास्कर देवांगन को दिया गया।

ज्ञापन के माध्यम से शैक्षणिक एवं विद्यार्थी हित में मुद्रित प्रश्नपत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वर्तमान समस्या का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की गई है।

इस अवसर पर मुकेश शर्मा, मोनू मानिक प्रसाद दुबे, गिरधर गोपाल शर्मा, दुषेन्द्र तिवारी एवं ओम प्रकाश वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles