डोंगरगांव : डिक्की में 774 ग्राम गांजा लेकर जा रहा था युवक, पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ा

  • पांगरीकला से सांकरदाहरा की ओर जा रहा था आरोपी, बिक्री के लिए ले जाने की आशंका; एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को 774 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल की डिक्की में गांजा रखकर पांगरीकला से सांकरदाहरा की ओर जा रहा था। पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे पकड़ा। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से पांगरीकला से सांकरदाहरा की ओर जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने नाकाबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एएन 8374 से पहुंचे युवक को रोककर तलाशी ली गई।

डिक्की में कपड़े के थैले में छिपाकर रखा था गांजा

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की में पीले रंग के कपड़े के थैले के अंदर सफेद पॉलीथिन मिली। इसमें गांजा रखा हुआ था। मौके पर तौल कराने पर पॉलीथिन सहित गांजे का वजन 774 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी पीयूष कुमार साहू (19), पिता सुशील कुमार साहू, निवासी पांगरीकला को गिरफ्तार कर लिया।

वाहन मालिक की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 298/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मोटरसाइकिल के स्वामित्व की जानकारी जुटा रही है और मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सागर सिंह राजपूत, सउनि गोवर्धन देशमुख, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख, आरक्षक बिसराम वर्मा और हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles