नवा रायपुर(दीपक अवस्थी)।नवा रायपुर में सरकारी बिजली कंपनियों के संयुक्त मुख्यालय के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। सेक्टर-24 में बनने वाले इस भवन का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 3 सितंबर को करेंगे। खास बात यह है कि कोयला से बिजली बनाने वाली कंपनी का नया मुख्यालय अब सौर ऊर्जा से रोशन होगा।
तीनों बिजली कंपनियों—उत्पादन, प्रसारण और वितरण—का मुख्यालय इसी 9 मंजिला भवन में होगा। करीब 1300 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए तैयार हो रहा यह भवन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) की 5 स्टार रेटिंग और ऊर्जा संरक्षण भवन संहिता (ECBC) के मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
भवन में प्रथम चरण में 55 प्रतिशत और दूसरे चरण में शत-प्रतिशत बिजली की आपूर्ति सौर ऊर्जा से होगी। यहां लगभग 1200 किलोवॉट बिजली खपत का आकलन किया गया है।
मुख्यालय परिसर पूरी तरह एकीकृत प्रणाली से प्रबंधित होगा। भवन प्रबंधन प्रणाली (BMS) के जरिए बिजली, एचवीएसी, जल आपूर्ति, अग्निशमन, अलार्म, सीसीटीवी और ऑडियो-विजुअल उपकरणों का नियंत्रण होगा।
निर्माण का जिम्मा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी को सौंपा गया है। लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन 30 महीने में तैयार होगा। इसे ग्रीन रेटिंग फॉर इंटिग्रेटेड हेबिटेट एसेसमेंट (GRIHA) के मानकों पर विकसित किया जाएगा।
सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट रेलवे स्टेशन से महज 500 मीटर दूरी पर बनने जा रहा यह नया मुख्यालय प्रदेश की हरित ऊर्जा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।





