खपराडीह में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक ट्रक में घुसी, दो युवकों की मौके पर मौत, तीसरा गंभीर

भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खपराडीह के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

एक बाइक पर सवार थे तीनों युवक

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक ग्राम आलेसुर के निवासी बताए जा रहे हैं। वे एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान जब वे भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खपराडीह पहुंचे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

गंभीर घायल युवक अस्पताल में भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से कैसे टकराई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Hot Topics

Related Articles