हार्ट अटैक की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बलौदाबाजार। जिले के रावन स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र में ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम चरौदा, थाना पलारी निवासी भुनेश्वर यादव (57 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद संयंत्र परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुहेला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
धर्मकांटा विभाग में कार्यरत थे कर्मचारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर यादव अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र के धर्मकांटा विभाग में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे रोजाना की तरह ड्यूटी पर अपने कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और उनकी तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
घटना की सूचना पर सुहेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही कर्मचारी की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस संबंध में सुहेला थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। मामले के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जा रही है।
फिलहाल कर्मचारी की अचानक हुई मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।












