मटियारी में शिव मंदिर के पास गांजे की बिक्री का खेल, 900 ग्राम गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कमलकांत पाटनवार

बिलासपुर/सीपत। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सीपत पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए ग्राम मटियारी में गांजा बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 900 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 45 हजार रुपए बताई गई है। खास बात यह है कि कार्रवाई ग्राम मटियारी स्थित बाबा धाम शिव मंदिर के पास की गई, जहां गांजा बिक्री के लिए रखे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 12 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मटियारी के बाबा धाम शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक के थैले में गांजा रखकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान कवि शिकारी (32 वर्ष), निवासी ग्राम मटियारी तथा भकोली वंशकार (52 वर्ष), निवासी बंधवापारा इमलीभाठा, थाना सरकंडा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान कवि शिकारी के कब्जे से सफेद प्लास्टिक के थैले में रखा 500 ग्राम तथा भकोली वंशकार के कब्जे से नीले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखा 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 900 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 45 हजार रुपए आंकी गई है, जब्त किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Hot Topics

Related Articles