जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा
लखनपुर। रजपुरी में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान लोकतंत्र, मतदान के अधिकार और मतदाता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लखनपुर अमित सिंह देव ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मत और उसका मतदान का अधिकार है। प्रत्येक नागरिक का वोट बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही तरीके से दर्ज होना चाहिए तथा किसी भी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता में जागरूकता जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित सिंह देव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आम जनता से संवाद करें और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। हर नागरिक को अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
जन चौपाल के दौरान उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर रजपुरी मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सत्येंद्र राय, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजर राम चौधरी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी ने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।












