वार्ड 06-07 में सीसी रोड निर्माण पर पार्षद ने उठाए सवाल, 10 लाख रुपये के खर्च पर जताई आपत्ति

जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा


  • नगर पंचायत उपाध्यक्ष और पार्षदों ने सीसी सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

  • नगर पंचायत परिषद की बैठक के बाद सीएमओ को सौंपा शिकायत पत्र, निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने और राजस्व व वन भूमि पर अतिक्रमण कर सड़क बनाने का लगाया आरोप; जांच और निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत में सीसी रोड निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। नगर पंचायत परिषद की बैठक के बाद वार्ड क्रमांक 06 एवं 07 में कराए गए सीसी रोड निर्माण को लेकर पार्षद पूनम राकेश साहू ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को लिखित आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य की शिकायत दर्ज कराई है।

पार्षद पूनम राकेश साहू ने अपने शिकायत आवेदन में आरोप लगाया है कि वार्ड क्रमांक 06 एवं 07 में कराया गया सीसी रोड निर्माण नियमों के विपरीत है। उनके अनुसार जिस स्थान पर सड़क का निर्माण कराया गया है, वहां इसकी कोई विशेष उपयोगिता नहीं है और न ही इस मार्ग से आम लोगों का आवागमन होता है। पार्षद का कहना है कि न तो स्थानीय लोगों द्वारा इस सड़क की मांग की गई थी और न ही इसकी कोई आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके बावजूद लगभग 10 लाख रुपये की शासकीय राशि खर्च कर सड़क का निर्माण कराया गया, जो सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला हो सकता है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण के दौरान राजस्व एवं वन भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। निर्माण कार्य के लिए वन विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं लिए जाने तथा वैधानिक प्रक्रियाओं की अनदेखी किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। पार्षद ने आरोप लगाया है कि आमजन की जरूरतों को दरकिनार कर कथित तौर पर निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस सड़क का निर्माण कराया गया है।

पार्षद ने नगर पंचायत प्रशासन से निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि नगर पंचायत स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वह इस मामले को लेकर कलेक्टर सरगुजा के समक्ष शिकायत करेंगी।

नगर पंचायत परिषद बैठक के बाद नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा सनी बंसल पार्षद पूनम साहू, शमीम खान, लक्ष्मी सिंह राठौर एल्डरमैन प्रदीप गुप्ता सहित अन्य सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जहां उन्होंने सड़क निर्माण कार्य को लेकर नाराजगी जताई है पार्षद पूनम साहू ने आरोप लगाया है व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य या सड़क का निर्माण कार्य कराया गया है।

शिकायत मिली है, आवेदन देखने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा : सीएमओ

मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि सीसी रोड निर्माण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत पत्र का अवलोकन करने के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।

फिलहाल पार्षद की शिकायत के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण की उपयोगिता, स्वीकृति प्रक्रिया और कथित भूमि अतिक्रमण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच में निर्माण कार्य को लेकर लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या सामने आती है।

Hot Topics

Related Articles