बलौदाबाजार, 22 सितम्बर 2026
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 हेतु गुंडाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।इच्छुक खिलाडी निर्धारित प्रारूप में 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। दोनों सम्मान के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अधिक जानकारी हेतु विभागीय वेबसाइट http://sportsyw.cg.gov.in/ पर जाकर अवलोकन कर सकते है। निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त अथवा अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
गुंडाधूर सम्मान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में वरिष्ठ वर्ग की राष्ट्रीय चौंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेकर स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त ऐसे खिलाड़ी भी पात्र होंगे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए ऐसे खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में तीरंदाजी की सीनियर राष्ट्रीय चौम्पियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीता हो, अथवा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। निर्धारित पात्रता एवं चयन प्रक्रिया के अनुसार चयनित खिलाड़ी को एक लाख रुपये नकद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। एक खिलाड़ी को जीवनकाल में यह सम्मान केवल एक बार प्रदान किया जाएगा।








