भाटापारा। ग्राम मोपकी में रविवार को आदिवासी ध्रुव गोंड समाज के तत्वावधान में तीजा-पोला मिलन समारोह एवं भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाटापारा विधानसभा के विधायक इंद्र साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह मांडवी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच अहिल्या कामता प्रसाद ध्रुव एवं जनपद सदस्य आगेश्वर ध्रुव ने की।
कार्यक्रम में पहुंचने पर अतिथियों एवं समाज के पदाधिकारियों का ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। विधायक इंद्र साव ने आदिवासी समाज द्वारा आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल होकर समाज के लोगों से भेंट की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी लोककला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह और उमंग भर दिया।
समारोह के दौरान आदिवासी समाज के लिए प्रस्तावित गोंडवाना भवन का भूमि पूजन भी किया गया। इस अवसर पर विधायक इंद्र साव ने समाज की समृद्ध लोक संस्कृति,
परंपराओं एवं सामाजिक एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ग्राम मोपकी में आयोजित इस कार्यक्रम से पूरे गांव में उत्सव और खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों एवं समाज के लोगों ने मिलकर तीजा-पोला पर्व की खुशियां मनाईं।








