बलौदाबाजार। जिले में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लंबित कार्य हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किए जाएं। शुक्रवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें मिशन के तहत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीओ एवं सब इंजीनियरों को नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा करने और ठेकेदारों के कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब भुगतान को लेकर कोई समस्या नहीं है। ऐसे में कार्य पूर्ण होते ही संबंधित ठेकेदारों के बिलों का भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी संबंधित पंचायतों से कार्य का भौतिक सत्यापन पत्र एवं कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त करने को कहा।
कलेक्टर ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों एवं नालियों की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि यदि ठेकेदार द्वारा मरम्मत नहीं कराई जाती है, तो नियमानुसार पंचायत को राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर मरम्मत का कार्य कराया जा सके।
उन्होंने योजना के बेहतर संचालन एवं रखरखाव के लिए प्रत्येक गांव में जल मित्र और पंप ऑपरेटर की नियुक्ति करने तथा पंचायतों को जल कर संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता नमित कोसरिया, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं एसडीओ उपस्थित रहे।







