तूफानी बारिश और ठंड का कहर: लवन में 30 से अधिक गायों की मौत, खुले में मिले मृत मवेशी

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के नगर पंचायत लवन में बेजुबान पशुओं की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। अर्नब तूफान के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश और बढ़ती ठंड के बीच 30 से अधिक गायों की मौत होने की खबर है। मृत मवेशियों के खुले स्थान पर कीचड़ और मिट्टी से सने मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन की पशु सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दो दिनों की बारिश और ठंड के बीच 30 से अधिक गायों की मौत

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत लवन में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश और ठंड का असर देखने को मिल रहा है। इसी दौरान 30 से अधिक गायों की मौत होने की बात सामने आई है। मृत मवेशी खुले स्थान पर पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत के कर्मचारियों ने सभी मृत गायों को आनंद फना क्षेत्र में दफना दिया।

हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से मृत गायों की वास्तविक संख्या और उनकी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

नगर पंचायत प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल

एक साथ इतनी बड़ी संख्या में गायों की मौत होने से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि बारिश और ठंड के दौरान पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को खुले में रह रहे मवेशियों की स्थिति की जानकारी नहीं थी?

घटना के बाद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जांच के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह

लवन में 30 से अधिक गायों की मौत का मामला अब जांच का विषय बन गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन बेजुबान पशुओं की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या लगातार बारिश और ठंड इसकी वजह बनी या पशुओं की देखरेख में लापरवाही बरती गई?

फिलहाल मौतों के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मृत पशुओं की संख्या, मौत की वजह और संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय करना जरूरी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में किस स्तर पर चूक हुई और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles