4 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक कर सकेंगे आवेदन, पांच संभागों के संयुक्त संचालक कार्यालयों में जमा होंगे फॉर्म
भाटापारा। छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 4 दिसंबर 2026 की शाम 5 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं।
पांच संभागों में जमा होंगे आवेदन
अभ्यर्थियों को आवेदन व्यक्तिगत रूप से या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा करना होगा। इसके लिए बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक, शिक्षा कार्यालयों को निर्धारित किया गया है। इन कार्यालयों में सभी कार्यदिवसों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। अभ्यर्थियों को अलग-अलग जिलों या संभागों के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। एक ही आवेदन सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित पदों के लिए मान्य होगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध है भर्ती का विस्तृत विज्ञापन
भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, आवेदन का निर्धारित प्रारूप और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी लोक शिक्षण संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर उपलब्ध है। विभाग ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले पूरा विज्ञापन ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।
वेबसाइट पर जारी होगी मेरिट लिस्ट और चयन की जानकारी
विभाग के अनुसार, आवेदन अमान्य होने की स्थिति, मेरिट लिस्ट और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारियां विभागीय वेबसाइट पर ही जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को भर्ती के संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहना होगा।
निर्धारित अंतिम तारीख और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को समय सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा करने की सलाह दी गई है।












