रायपुर:छत्तीसगढ़ में कोरोना के बाद अब स्वाइन फ्लू (H1N1) ने स्वास्थ्य विभाग और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। राज्य में पिछले कुछ दिनों के भीतर संक्रमण की रफ्तार काफी तेज हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में 2 दिनों के भीतर रिकॉर्ड 85 नए मरीज सामने आए हैं, जिससे प्रदेश में हड़कंप मच गया है। वर्तमान में राज्य के भीतर 122 सक्रिय (Active) मरीज हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।
जिलेवार स्थिति: रायपुर और दुर्ग बने हॉटस्पॉटस्वाइन फ्लू का संक्रमण अब छत्तीसगढ़ के 19 जिलों तक फैल चुका है।
- रायपुर: संक्रमण का मुख्य केंद्र बना हुआ है, जहाँ अकेले रायपुर जिले में अब तक सर्वाधिक मरीज मिल चुके हैं। 2 दिनों में मिले 85 मरीजों में से 38 मरीज सिर्फ रायपुर के हैं।
- दुर्ग और बिलासपुर: दुर्ग जिले में भी लगातार नए मामलों की पुष्टि हो रही है, जहाँ 3 साल की एक बच्ची समेत कई लोग निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। बिलासपुर में भी एक्टिव केस मिलने के बाद निगरानी बढ़ा दी गई है।
- डॉक्टरों की सलाह और लक्षण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने जनता के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। डॉक्टरों के मुताबिक, यह एक हवा से फैलने वाली सांस की बीमारी है।
- प्रमुख लक्षण: तेज बुखार (101 डिग्री से ज्यादा), सर्दी-खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, अत्यधिक थकान और सांस लेने में तकलीफ।क्या करें: लक्षण दिखने पर खुद से दवा (Self-medication) न लें, तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क करें। बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार (बीपी, शुगर, किडनी के मरीज) लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
- बचाव: भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और मास्क का उपयोग करें।








