राष्ट्रीय जल प्रहरी–2025” सम्मान से दिल्ली में होंगे सम्मानित
डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में पदस्थ रेडियोग्राफर भोज कुमार साहू को जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय, नवाचारपूर्ण और सतत प्रयासों के लिए “राष्ट्रीय जल प्रहरी–2025” सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह राष्ट्रीय सम्मान जल शक्ति मंत्रालय, नीति आयोग, नमामि गंगे, जल जीवन मिशन और राष्ट्रीय जल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाता है, जिसमें पूरे देश से चयनित जल प्रहरियों को सम्मानित किया जाता है।
सीएचसी में जल संकट दूर करने बनाया वॉटर रिचार्ज सिस्टम
डोंगरगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगातार बढ़ते जल संकट को देखते हुए साहू ने अपनी निजी राशि एवं जनसहयोग से वॉटर रिचार्ज सिस्टम तैयार कराया। इस प्रणाली ने न केवल अस्पताल में पानी की उपलब्धता सुधारी, बल्कि क्षेत्र के भूजल स्तर में भी महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई। यह मॉडल अब जिले के अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायी साबित हो रहा है।
पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा में भी सक्रिय भूमिका

भोज कुमार साहू केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी वर्षों से निरंतर और दृढ़ता से कार्यरत हैं।
उनके प्रमुख कार्य:
• स्थानीय प्रजातियों के बीज संरक्षण अभियान
• नियमित वृक्षारोपण एवं पौधारोपण कार्यक्रम
• क्षेत्र के वर्षों पुराने कुओं का जीर्णोद्धार कर उन्हें पुनर्जीवित करना
• वन्यजीवों की सुरक्षा एवं प्राकृतिक आवास संरक्षण हेतु जनजागरूकता अभियान
इन कार्यों ने उन्हें एक संपूर्ण पर्यावरण प्रहरी के रूप में स्थापित किया है।
जनभागीदारी से बनाया पर्यावरण संरक्षण का मॉडल
साहू लोगों को जोड़कर सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जल संरक्षण, हरियाली और प्राकृतिक संसाधनों के पुनर्जीवन का कार्य कर रहे हैं। उनका समर्पण और अथक परिश्रम उन्हें स्थानीय समुदाय और युवाओं के लिए प्रेरक व्यक्तित्व बनाता है।
जिले के लिए गौरव की बात
इस श्रेणी में इससे पूर्व राजनांदगांव जिले के कलेक्टर जितेंद्र यादव और जिला पंचायत सीईओ सुरुचि सिंह को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुका है। भोज कुमार साहू को मिलने वाला यह सम्मान जिले के लिए गर्व का विषय है।
सम्मान समारोह का विवरण
• तारीख: 11 दिसंबर 2025
• समय: दोपहर 2:00 बजे से
• स्थान: न्यू महाराष्ट्र सदन, कस्तूरबा गांधी मार्ग, नई दिल्ली





