जाबो कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता का आयोजन

मानव श्रृंखला, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक

बलौदाबाजार, । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में “जाबो” (जाग वोटर) कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय बलौदाबाजार में मानव श्रृंखला के माध्यम से स्वीप निर्माण, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता, निर्वाचन प्रक्रिया एवं लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत कराया गया।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य जारी है। इसके तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए किया जा रहा प्रेरित

“जाबो” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं अशासकीय संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं के साथ-साथ परिवार के सभी सदस्यों के नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज होने की पुष्टि करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो उसे नाम जोड़ने की प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में त्रुटि होने पर संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बढ़ाई जा रही जागरूकता

कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया से नागरिकों को परिचित कराने के साथ ही मतदान प्रक्रिया में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसके लिए निबंध, वाद-विवाद, नारा लेखन, रंगोली एवं पोस्टर जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, आवश्यक संशोधन कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिले में संचालित “जाबो” कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Hot Topics

Related Articles