जिला अस्पताल गरियाबंद में डाॅक्टरों को मेडलेपर (एम.एल.सी./पीएम रिपोर्ट ऑनलाइन फाॅर्म) भरने का दिया गया विशेष प्रशिक्षण

  •  पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय को अधिक मजबूत, पारदर्शी और त्वरित बनाना है।

  •  स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस की संयुक्त कार्यशाला

युवराज सिन्हा।विवरण- आज दिनांक 07.08.2026 को पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन में जिला अस्पताल गरियाबंद के सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल के डाॅक्टरों को मेडलेपर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन मेडिको-लीगल केस और पोस्ट-मार्टम रिपोर्ट फार्म भरने के संबंध में विस्तृत तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय को अधिक मजबूत, पारदर्शी और त्वरित बनाना है। ऑनलाइन प्रणाली के आने से आपराधिक मामलों में मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने में लगने वाले समय में कमी आएगी, जिससे विवेचना में तेजी आएगी और न्याय प्रक्रिया सुगम होगी। कार्यशाला के दौरान उपस्थित डाॅक्टर सुनील रेड्डी के द्वारा चिकित्सा अधिकारियों को मेडलेपर पोर्टल पर लाॅगिन करने, लाइव डेटा एंट्री करने, डिजिटल हस्ताक्षर करने और विभिन्न तकनीकी पहलुओं की बारीकियों से अवगत कराया गया। डाॅक्टरों की शंकाओं का समाधान भी मौके पर मौजूद तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद की ओर से बताया गया कि इस डिजिटल पहल से मेडिकल और पुलिस विभाग के बीच कागजी कार्रवाई का समय बचेगा और न्यायालयीन साक्ष्यों को सुरक्षित एवं त्रुटिहीन तरीके से प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन और पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles