- शहीद अस्पताल में मात्र 10 रुपये में OPD और मात्र 10 रुपये में भर्ती, बोले – मानवता की ऐसी सेवा को सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा
श्रम कल्याण मंडल (छत्तीसगढ़ शासन) के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) श्री किशोर महानंद तीन दिवसीय प्रवास पर लौह नगरी दल्ली राजहरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्रम कल्याण मंडल की योजनाओं को लेकर श्रमिक संगठनों से मुलाकात की, उनके कार्यस्थलों का दौरा किया, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और विभिन्न श्रमिक संस्थाओं से चर्चा की।
उन्होंने नगर के दर्शनीय स्थल भीष्म रथ, कालीबाड़ी, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला केलाबाड़ी के साथ ही जगन्नाथ स्टील प्लांट का भी निरीक्षण किया।
*मजदूरों के अस्पताल की चर्चा सुनकर पहुंचे शहीद अस्पताल*
मंत्री जी को पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न सूत्रों से जानकारी मिली कि नगर में मजदूर-श्रमिकों ने अपने मेहनत से एक विशाल अस्पताल बनाया है, जिसमें शल्य चिकित्सा, पैथोलॉजी लैब, रेडियोलॉजी, सोनोग्राफी, सीटी स्कैन, टीबी वार्ड जैसे कई अत्याधुनिक विभाग हैं। जहां प्रतिदिन सैकड़ों-हजारों लोग इलाज का लाभ लेते हैं। आसपास के क्षेत्र के साथ ही सुदूर बस्तर से लेकर मानपुर-मोहला तक के लोग इलाज के लिए आते हैं।
अस्पताल की सबसे खास बात यह है कि यह मजदूरों द्वारा निर्मित और मजदूरों द्वारा ही संचालित है, जहां न्यूनतम कीमत पर इलाज होता है।
अस्पताल की जानकारी मिलने पर मंत्री जी ने अस्पताल प्रबंधन से मिलने और अस्पताल को देखने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शहीद अस्पताल पहुंचे। वहां शहीद अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जाना के साथ सभी डॉक्टर उपस्थित थे।
*एक-एक वार्ड का किया निरीक्षण*
मंत्री जी ने अस्पताल में OPD, लैब, फिजियो, फार्मेसी, डेंटल, IPD के लेबर रूम, ANC OPD, सीटी स्कैन, सर्जिकल वार्ड, OT, मेडिसिन वार्ड, बच्चा वार्ड, PNC वार्ड और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और गोटूल में प्रबंधन के साथ चर्चा की।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनसे मांग की गई कि हमारा अस्पताल विभिन्न सुविधाओं से लैस है, जहां सबसे कम कीमत पर बेहतरीन इलाज किया जाता है। डॉ. जाना ने बताया कि कई बड़े शल्य चिकित्सा भी यहां न्यूनतम कीमत पर की गई हैं, जो बड़े-बड़े अस्पतालों में लाखों रुपये में होती हैं।
*मंत्री जी ने की मरीज से बात*
वार्ड में निरीक्षण करने के बाद मरीज के पास भी गए और वह मरीज के हाल-चाल भी जाना अस्पताल में किये जा रहे हैं डॉक्टर के द्वारा इलाज के वास्तविकता भी पूछी की किस बीमारी के कारण भर्ती हुए हो ,इलाज कैसा है अस्पताल प्रबंधन का व्यवहार कैसा है सभी ने बेहतरीन बताया । नशा के कारण भर्ती हुए युवाओं को नशा से दूर रहने के लिए भी कहा ।
*मात्र 10 रुपये में इलाज, दवाई भी जरूरत पर ही*
डॉ. जाना ने बताया कि यहां अस्पताल में मात्र 10 रुपये शुल्क पर OPD इलाज किया जाता है और भर्ती के लिए भी बिस्तर शुल्क मात्र 10 रुपये लिया जाता है, वह भी सरकार को एनवायरमेंट विभाग को शुल्क के रूप में दी जाती है। इस तरह अस्पताल में बिना बेड शुल्क के ही निःशुल्क भर्ती की जाती है। मरीज को दवाई अति आवश्यक होने पर ही दी जाती है, बिना आवश्यकता की दवाई का उपयोग नहीं किया जाता।
डिलीवरी के लिए भी अस्पताल में आवश्यक होने पर ही सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह परिजन को दी जाती है। अस्पताल प्रबंधन प्राकृतिक रूप से ही डिलीवरी की सलाह देता है।
डॉ. जाना ने कहा कि हमारे अस्पताल में सरकार द्वारा समय-समय पर निर्देशित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ उन्मूलन सप्ताह का भी बहुत बेहतरीन ढंग से क्रियान्वयन किया जाता है, जिसमें खासकर टीबी उन्मूलन का कार्यक्रम होता है। एक सप्ताह तक नगर एवं आसपास के ग्रामीणों के विभिन्न जगहों पर जाकर अस्पताल की ओर से लोगों को जागरूक करने का काम किया जाता है, जिसमें डॉक्टरों के साथ-साथ अस्पताल की नर्सें भी शामिल होती हैं।
अस्पताल की ओर से प्रशिक्षु नर्सों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है, जो विभिन्न संस्थाओं में हजारों रुपये की फीस लेकर दिया जाता है। अस्पताल का मकसद यही है कि कम से कम लागत पर लोग चिकित्सा के संबंध में जानकारी लें और उसे रोजगार के रूप में उपयोग कर सकें।
*अस्पताल प्रबंधन ने रखीं ये मांगें*
अस्पताल की ओर से मांग की गई कि टीबी वार्ड के लिए अलग से जगह के साथ-साथ परिजनों के रात्रि में रुकने के लिए भी जगह दी जाए। साथ ही नगर पालिका की ओर से जो शुल्क लगाई गई है, उसमें भी छूट दी जाए।
मंत्री महोदय ने उनकी बातों पर गौर करते हुए कहा कि अस्पताल में जिस तरह से सेवा की जा रही है, उससे लगता है कि आप जिस मानवता के साथ कार्य कर रहे हैं, सरकार को पूरी तरह से आपका सहयोग करना चाहिए। मैं शासन से अनुरोध करूंगा कि आपकी मांग जल्द से जल्द पूरी हो।
बोले – यह छत्तीसगढ़ का सबसे बेहतरीन अस्पताल*
अस्पताल के संबंध में एक विशेष बात कहते हुए उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जानकारी दी गई कि यह जिले का सबसे बेहतरीन अस्पताल है, लेकिन मैंने पूरे छत्तीसगढ़ का दौरा किया है, मुझे लगता है कि पूरे छत्तीसगढ़ में यह एक ऐसा अस्पताल है, जहां इतनी न्यूनतम शुल्क पर बेहतरीन इलाज होता है। मैं आप सबको बधाई देता हूं कि आप लोग श्रमिकों के हित के लिए इतना बेहतरीन कार्य कर रहे हैं।
*श्रमिकों के लिए 64 योजनाएं*
मंत्री महोदय ने कहा कि शासन द्वारा 64 तरह की योजनाएं श्रमिकों के हित में लाई गई हैं, जिनकी जानकारी श्रमिक वर्गों को नहीं हो पाती। आप इन योजनाओं की जानकारी के लिए पब्लिक प्लेस में एक बोर्ड बनाएं, जहां पर सभी तरह की योजनाओं की जानकारी उन्हें हो और योजनाओं का लाभ मिल सके।
डॉ. जाना ने उनकी बातों का समर्थन करते हुए कहा कि अति शीघ्र ही आपके द्वारा निर्देशित बातों पर कार्य किया जाएगा और अस्पताल की ओर से एक बोर्ड लगाकर उसमें शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में मदद की जाएगी। मंत्री जी ने कहा कि मैं स्वास्थ्य मंत्री से भी अनुरोध करूंगा कि एक बार राजहरा प्रवास का विशेष कार्यक्रम बनाकर आपके द्वारा किए जा रहे बेहतरीन कार्य का अवलोकन करें।
अंत में अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें शॉल, कॉमरेड स्वर्गीय शंकर गुहा नियोगी के संघर्षों की कहानी – संघर्ष और निर्माण की पुस्तक श्रृंखला और आम का पेड़ भेंट किया गया।












