जिला स्विमिंग एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में तैराकी खेल को नई पहचान और मजबूत आधार देने की दिशा में


जिला स्विमिंग एसोसिएशन ने अपनी गतिविधियों को गति देना शुरू कर दिया है। एसोसिएशन के गठन एवं पंजीयन के पश्चात नवगठित कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में तैराकी खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने तथा नई प्रतिभाओं को तलाशने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

 

बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक श्री अमरजीत सलूजा, अध्यक्ष श्री लक्ष्मीनारायण सोनी, उपाध्यक्ष श्री देवेश गुप्ता, सचिव श्री भीषम वर्मा, सहसचिव श्री गणेशू पाल, कोषाध्यक्ष श्री ट्विंकल देवांगन, संयोजक श्री शुभम तिवारी एवं सहसंयोजक श्री मनीष जोगी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिले में तैराकी खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, स्थानीय स्तर पर तैराकी प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करने, प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।अध्यक्ष श्री लक्ष्मीनारायण सोनी ने कहा— “प्रतिभाओं को मिलेगा उचित मंच”

एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री लक्ष्मीनारायण सोनी ने कहा कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में तैराकी की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल इन प्रतिभाओं को सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है। जिला स्विमिंग एसोसिएशन खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत करने के संकल्प के साथ कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि जिले के गांव-गांव और शहर-शहर से प्रतिभावान बच्चों एवं युवाओं को तैराकी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं का बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों के सहयोग से जिले में तैराकी के लिए मजबूत आधार तैयार किया जाएगा।

श्नीसोनी ने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि जिले से ऐसी प्रतिभाओं को तैयार करना है जो राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं और आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत एवं छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करें। खिलाड़ियों की मेहनत और सभी के सामूहिक सहयोग से निश्चित रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिला तैराकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।”

 

संरक्षक श्री अमरजीत सलूजा ने दिया मार्गदर्शन

एसोसिएशन के संरक्षक श्री अमरजीत सलूजा ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में तैराकी खेल को आगे बढ़ाने के लिए सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करना एसोसिएशन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि तैराकी को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखते हुए इसे जिले के अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकारिणी के सदस्यों से आह्वान किया कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों को साथ लेकर एक मजबूत खेल वातावरण तैयार किया जाए।

श्री सलूजा ने कहा कि “यदि हम सभी मिलकर ईमानदारी और निरंतरता के साथ प्रयास करें तो बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से निश्चित रूप से ऐसे उत्कृष्ट तैराक तैयार होंगे, जो प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।”

जिले से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे खिलाड़ी—एसोसिएशन का संकल्प

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में तैराकी खेल को जमीनी स्तर से मजबूत करने के लिए विशेष पहल की जाएगी। अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को इस खेल से जोड़ने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने तथा उन्हें उनकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए एसोसिएशन द्वारा निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

एसोसिएशन का उद्देश्य जिले में तैराकी खेल को संगठित एवं सशक्त आधार प्रदान करना है। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, खेल संस्थाओं एवं खेलप्रेमियों के सहयोग से एक सकारात्मक खेल वातावरण तैयार किया जाएगा।

पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के तैराक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करेंगे।

जिला स्विमिंग एसोसिएशन ने जिले के सभी तैराक खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों से इस अभियान से जुड़ने और तैराकी खेल के विकास में अपना सहयोग प्रदान करने की अपील की है

Hot Topics

Related Articles